कुछ मुक्तक (ज़िन्दगी पर)
पद को पाने के लिए
साज़िश हुई है ज़िन्दगी ।
किस तरह सिक्का जमे,
दूभर हुई है ज़िन्दगी ॥* * * * * *
शकुनी की चालाकियां
आज भी तो कम नहीं ।
भीष्म की चतुराइयों में भी,
सिर झुकाती ज़िन्दगी ॥* * * * * * *
आंख से सब देखते हैं,
पर कुछ नही कह पाते हैं ।
सच्चाई का दांव भी,
हार जाती ज़िन्दगी ॥* * * * * * *
दुर्योधन की महत्वाकांक्षाएं
आज भी हर घर में हैं ।
कर्ण की अहंकारिता
नष्ट करती ज़िन्दगी ॥* * * * * * *
दु:शासन आज भी तो
द्रोपदी का चीर हैं हर रहे ।
इक्कीसवीं-सदी में भी
क्यों नग्न होती ज़िन्दगी ॥* * * * * * *
द्रोपदी के अपमान का
प्रतिशोध है यह ज़िन्दगी ।
युद्ध की संभावना का
दंश है यह ज़िन्दगी ॥* * * * * * *
धृतराष्ट्र की धृष्टता की ,
मोहताज़ है यह ज़िन्दगी ।
जीत में भी हार का
अहसास सी है ज़िन्दगी ॥* * * * * * *
भारत की आजादी ने
नारियों को क्या दिया ?
भ्रूण -हत्या ,वधु-हत्या,,नग्न तन -मन
यही सब देती रही है ज़िन्दगी ॥* * * * * * *
आधुनिक सभ्य समाज में भी,
नारी इन्सान न बन सकी,
मां,बहिन, पत्नी,प्रेयसी बन ,
बस पिस रही है ज़िन्दगी ॥* * * * * * *
कौन सी यह सभ्यता है,
कुछ समझ आता नहीं।
खुश यहां कोइ नहीं ,
बस मिट रही है ज़िन्दगी ॥डा. रमा द्विवेदी
© All Rights Reserved

डॉ. रमा जी, हिन्दी ब्लॉग जगत् में आपका हार्दिक स्वागत् है। उम्मीद है आपकी सुन्दर कविताएँ निरन्तर पढ़ने को मिलती रहेंगी।