ललक शहर में शादी की
बड़े पिता जी का पत्र आया था। पत्र में लिखा था कि संध्या बहुत चिड़चिड़ी हो गई है। बात-बात पर झगड़ा करती है। किसी से ठीक से बात ही नहीं करती। हर समय लड़ना-झगड़ना,रोना -धोना मानो यही उसकी दिनचर्या बन गई है।मैं बहुत दुखी हूं ,समझ में नहीं आ रहा कि इसके जीवन को ठीक से व्यवस्थित करने के लिए ऐसा क्या करूं कि वह बाकी का जीवन खुशी से गुजार सके। तुम ही कुछ उपाय बताओ। पत्र पढ़कर मैं सोच में डूब गई।
मैं अतीत की अतल गहराईयों में झांकने लगी।तब मैंने पाया कि संध्या जब नौ बरस की थी तब बड़ी मां बहुत बीमार रहती थीं। दिन में कई-कई बार उन्हें हिस्टीरिया के दौरे पड़ते थे। गांव में डाक्टर तो थे नहीं हां जो भी नीम-हकीम दवा बताते की गई। एक दो बार शहर के डाक्टरों को भी बताया गया,उन्होंने कहा कि ज्यादा मानसिक तनाव की वजह से ऐसा होता है। इन्हें आराम की शख्त जरुरत है। समय समय पर चेक-अप के लिए लाएं और जो दवाई दी गई है उसे समय पर देते रहें और तनाव से दूर रखें।
घर पर कोई और औरत तो थी नहीं और बड़े पिता जी तो अक्सर खेती-बाड़ी के काम-काज और राजनीति में उलझे रहते।मां तो अक्सर बिस्तर पर पड़ी रहती किन्तु घर के काम-काज का भार नन्हीं सी जान संध्या पर आ पड़ा। खाना पकाना,बरतन धोना, और घर बुहारना इन्हीं सब कामों में दिन निकल जाता अत: संध्या की पढ़ाई बन्द हो गई। दुर्भाग्यवश संध्या पांचवीं तक भी न पढ़ सकी। वैसे भी गांव में प्राइमरी स्कूल ही था इसलिये ज्यादा पढ़ाई की तो संभावना भी नहीं थी। मां अपनी बीमारी से लाचार थी और पिता जी जीवन की अन्य समस्याओं को सुलझाने में उलझे रहते। संध्या की पढ़ाई की ओर उनका ध्यान ही नहीं गया। बड़ी मां को सिर्फ अक्षर ज्ञान ही था अत: वे इतना ही सोच पाती थी कि पढ़ लिख कर नौकरी थोड़ी ही करनी है। घर का चौका-चूल्हा ही तो करना है इसलिये संध्या की पढ़ाई बंद होने का उन्हें लेशमात्र भी दु:ख नहीं हुआ।
“समय ढ़लता रहा और संध्या का कोमल बचपन चूल्हे की भेंट चढ़ गया। सपने जन्म ही न ले सके उड़ान भरनें की बात कौन कहे?”लेकिन सोलवां बसन्त पार करते-करते उसके दिल में यह बात अवश्य ही घर कर गई कि सुख तो अब शादी के बाद ही मिल सकता है,वो भी तब अगर शहर में शादी हुई तो? गांव में त्तो ऐसे ही काम करना पड़ेगा और उसका मन काम से ऊब चुका था। उसकी इस सोच में उसकी सहेली सुदामिनी की सलाह ने आग में घी का काम किया। जब बड़े पिता जी ने उसका रिश्ता एक अच्छे खाते -पीते घर में तै कर दिया किन्तु लड़के का रंग काला था। जब संध्या ने यह सुना तो उसने रो-रोकर घर भर दिया कि मैं काले लड़के से शादी नहीं करूंगी और मर जाने की धमकी दे डाली। आखिर में पिताजी ने रिश्ता तोड़ दिया। जब दूसरी बार पिताजी ने अच्छा लड़का और परिवार देखकर बात तै कर दी तब संध्या से अपने गांव की एक लड़की ने जो उसी गांव में ब्याही थी,उसने कहा कि वह उसके घर दान लेने आया करेगी क्योंकि उसके होने वाले ससुराल के लोग उसके घर पूजा करवाने आते हैं बस इतनी बात संध्या को चुभ गई और उसने शादी करने से विद्रोह कर दिया। इसी बीच उसकी सहेली ने उसके मन में यह बात डाल दी कि गांव में कभी शादी मत करना जीवन भर ऐसे ही काम करना पड़ेगा। उसकी यह बात उसे बहुत ठीक लगी।अपनी इच्छा पूर्ति न होते देख उसने मां से दोटूक शब्दों में कहा”मां मैं शहर में शादी करूंगी चाहे वह कुली ही क्यों न हो” ?
मां बेटी की यह बात सुनकर अवाक रह गई,उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ” उन्होंने कहा यह तू क्या कह रही है? तुझे कुछ होश है”?
संध्या ने अपनी बात बड़े आत्म-विश्वास से दोहराई-” मैं गांव में शादी नहीं करूंगी अगर शादी करूंगी तो शहर में नहीं तो मैं आत्म हत्या कर लूंगी”।
मां ने उसे बहुत समझाया-बुझाया लेकिन संध्या थी कि अपनी जिद पर अड़ी रही। मां अब क्या करती? बेटी पर तरस आया और उन्होंने पिता जी से संध्या की सारी बात कह दी। पहले तो पिताजी बहुत नाराज हुए,कई दिन तक घर में तनाव रहा। बेटी को ऊंच-नीच सब प्रकार से समझाने की कोशिश की लेकिन संध्या टस से मस न हुई। आखिर में पिताजी ने लड़के वालों को मना कर दिया।
कुछ ही समय बाद गांव के तिवारी जी की बेटी रन्नो की शादी हुई । बारात शहर से आई थी। संध्या भी इस शादी को देखने गई। सभी बाराती साफ़-सुथरे, सुन्दर वेशभूषा में थे। बातचीत में तो शहर के लोग शिष्ट और चतुर होते ही हैं। संध्या ने देखा कि रन्नो की शादी में सुन्दर गहने एवं साड़ियां आईं हैं। दूल्हा भी बहुत सुन्दर और स्मार्ट है। बस यह सब देखकर उसकी इच्छा शहर में शादी करने की और भी दृढ़ हो गई।
ज्यादा दुनिया तो देखी नहीं थी। छोटी सी बुद्धि में आगे कुछ सोचने-समझने की शक्ति नहीं थी। संध्या गोरी, तीखे नाक-नक्श,छरहरा बदन,कुल मिलाकर उसकी आकर्षक छबि थी और देखने वाले भी सहज ही आकर्षित हो जाते। इसी विवाह में किसी ने संध्या को देखा। रूप-रंग पसंद आने के कारण रन्नो के घरवालों से पता करके रिश्ता लेकर पिताजी के पास आए। चूंकि रिश्ता रन्नो के ससुराल वालों के माध्यम से आया था इसलिए पिता जी को कोई शक नहीं हुआ। सीधे-सादे पिता जी को क्या पता था कि इसमें कुछ छ्लावा भी हो सकता है फिर अपनी बेटी की इच्छा भी तो शहर में शादी करने की थी इसलिए पिताजी ने ज्यादा छान-बीन नहीं की ।बस एक बार नागपुर जाकर लड़का और उसका घर देख आए। शहर के लोग ठहरे चालाक उन्होंने किसी और की दुकान को अपना कह कर बता दिया। पिता जी को सब ठीक लगा इसलिए सगुन देकर वापस आ गये।
लड़के वालों ने सिर्फ एक ही महीने में शादी करने की बात रखी। शादी की तैयारियां शुरू हुईं और एक दिन संध्या की शादी बड़ी ही सादगी से संपन्न हो गई।” संध्या बहुत खुश थी कि उसकी सबसे बड़ी साध पूरी हो गई। उसका मन कल्पना लोक में विचरण कर रहा था”। आखिर में वो समय भी आ गया जब संध्या की विदाई मां-पिता जी ने बड़े ही भारी मन से कर दी। जब संध्या ससुराल पहुंची और देखा कि घर में ऐसा कुछ नहीं है जिसे देखकर खुश हुआ जा सके। संध्या को शीघ्र ही पता चल गया कि पति शराबी है और निठल्ला भी है।न कोई नौकरी न व्यापार । बस एक पुराना घर है जिसका एक पोरशन किराए पर है उसी से बहुत मुश्किल से घर चलता है। बूढ़ी मां और एक कुंवारी बहन शादी के योग्य है। तीन बहनों की शादी बहुत पैसों वालों के घर तब हो गई थी जब उनके पिता जी जिन्दा थे क्योंकि तब उनके पिताजी का अच्छा व्यापार था और अच्छा नाम भी था। उनके न रहने पर लड़के ने सब गंवा दिया शराब के नशे में। कितना ही अथाह धन क्यों न हो अगर खर्च ही खर्च किया जाय तो तिजोरी भी खाली हो जाती है।यही हाल यहां हुआ। कभी -कभी बहनें पैसों से इनकी मदद कर देतीं थीं लेकिन किसी की मदद से कब तक चल सकता था? तीनों बहनों ने मिल कर छोटी बहन की शादी अच्छा घर-वर देख कर करवा दी किन्तु फिर इन लोगों की आर्थिक मदद करना बन्द कर दिया। पति के दुर्व्यवहार और कुछ काम न करने से संध्या बहुत दुखी रहने लगी। उस पर सास यह ताना देती कि उनका बेटा उसके आने से ही बिगड़ गया है। सास के ताने सुन-सुन कर संध्या यह सोचती कि जो कभी सुधरा ही नहीं था वह बिगड़ कैसे गया?इन्हें अपने बेटे के लक्षण मालूम थे फिर भी इन्होंने छलावे से झूठ बोल कर शादी करवा दी ।यह सोच कर वह बहुत दुखी और उदास रहने लगी कि वह और उसके माता-पिता बुरी तरह छले गए हैं।उसका स्वास्थ्य दिन प्रतिदिन गिरने लगा। ऐसे ही करीब पांच वर्ष बीत गए लेकिन उसने किसी को कुछ नहीं बताया। किस मुंह से बताती क्योंकि वह खुद ही तो शहर में शादी करना चाहती थी। पहले ही उसने मां और पिता जी को बहुत कष्ट दिये हैं अब और नहीं देगी। शायद इसी लिए भगवान ने उसे सजा दी है जो ऐसा पति मिला,अब यही मेरा प्रारब्ध है। नियति को कौन टाल सकता है? अब मुझे इसी नर्क में जीना है अब मैं किसी को दुख नहीं दूंगी। दुख और संघर्षों का प्रभाव तो स्वास्थ्य पर निश्चित ही पड़ता है। संध्या के मलिन मुख और दुबले शरीर को देख कर मां-पिताजी समझ गए कि वह खुश नहीं है,कोई बड़ा गम है जो उसे अन्दर ही अन्दर खाए जा रहा है? एक दिन पिता जी ने बड़े प्यार से उसे अपने पास बिठाकर अपनी कसम देकर पूछा “सच सच बताना कि तुम वहां खुश तो हो ना”? संध्या थोड़ी देर तो चुप रही,उसके मन में द्वन्द्व का तूफ़ान उठा कि बताए या नहीं ?लेकिन उसका दर्द भी असहनीय होता जा रहा था इसलिए यह सोचकर कि मां और पिता जी तो अपने हैं वे अवश्य उसका दर्द समझेंगे । वह कुछ कहना चाहती थी पर कंठ से शब्द नहीं फूट रहे थे। आखिर में दर्द आसुंओं में बह निकला। संध्या फफक-फफक कर रो पड़ी। पिता जी ने उसे प्यार से थपकियां देते हुए गले से लगा कर कहा”पगली इसमें रोने की क्या बात है? हम हैं ना तेरे दुख को समझने के लिए। संध्या ने आपबीती सब कुछ बता दिया। पिताजी और मां अवाक रह गए। उन्हें लगा कि वे बुरी तरह ठगे गए हैं। मां-पिता जी का दुख संध्या से देखा नहीं गया और उसने कहा कि वे उसकी चिन्ता न करें ।वह कैसे भी रह लेगी किन्तु कोई भी माता-पिता बेटी का दुख जानकर चुप कैसे बैठे रह सकते हैं? पिताजी ने दमाद को समझाया-बुझाया लेकिन उसने उनकी एक बात न सुनी। शराब की बुरी लत जो पड़ चुकी थी जिसने उसकी बुद्धि को भी नष्ट कर दिया था। अंत में जब कोई समाधान न रहा तब हारकर पिताजी संध्या को हमेशा के लिए घर ले आए”।
संध्या के सुनहरे सपने यथार्थ की धरती पर गिर कर चूर-चूर हो गए थे फिर भी उम्मीद की एक आस लिए वह सुख की असीम आकांक्षा लेकर जिए जा रही “।
संध्या को वैवाहिक जीवन से कोई सुख मिला ही नहीं ऐसी स्थिति में उसका चिड़चिड़ा हो जाना स्वाभाविक ही था। वो भी तीन बच्चों के साथ जीवन की मुसीबतें कुछ कम नहीं थीं। मुझे संध्या पर बहुत तरस आता।
मां-पिताजी भी बहुत दुखी रहते। बेटी को दुखी देखकर कौन मां-बाप खुश रह सकते हैं?
मैंने बड़े पिताजी को पत्र में लिखा कि जो होना था वो तो हो गया। संध्या को कोई छोटा बिजनेस करवा दें। इससे एक तो उसका मन लगा रहेगा और वह आर्थिक रूप से स्वावलंबी भी बन जाने से उसके हृदय का दर्द भी कुछ कम हो जाएगा। वह क्रोशिया वर्क और इम्ब्रायडरी वर्क में बहुत निपुण है क्यों नहीं उसे यह काम करने के लिए प्रोत्साहित करते? बाज़ार में इसकी मांग भी बहुत है। थोड़ी सी ट्रेनिंग लेकर वह यह काम शुरू कर सकती है। सरकार भी महिलाओं को बिजनेस शुरू करने के लिए बहुत कम सूद पर कर्ज़ देती है। आप उसे किसी न किसी काम में अवश्य लगाईए ,सब कुछ ठीक हो जाएगा। उसकी दोंनो लड़कियों और लड़के को पढ़ाना भी बहुत जरूरी है ताकि भविष्य में वे कोई भी मुश्किल का सामना स्वयं करने में सक्षम बन सकें। इतना लिखकर मेरे मन को कुछ शान्ति मिली और मैं उसके सुखद भविष्य की कामना के लिए ईश्वर से प्रार्थना करने लगी । *****लेखिका: डा. रमा द्विवेदी
खतरा अस्तित्व का
किसी को हद से ज्यादा मत चाहो?
पूरा अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाता है।
खोकर अपनी पहचान,
आदमी न जी पाता है,न मर पाता है।
पूरा अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाता है॥किसी से प्रेम इतना न करो?
कि वो विवशता का रूप ले ले।
क्योंकि विवशता को ढ़ोंने में,
जीवन व्यर्थ चला जाता है।
पूरा अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाता है॥प्रेम जीवन के लिए है अनिवार्य,
किन्तु वह जीवन का लक्ष्य नहीं,
प्रेम में तपने-मिटने के सिवा,
कुछ हाथ नहीं आता है?
पूरा अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाता है॥ज़िन्दगी सिर्फ प्रेम से चल सकती नहीं,
ज़िन्दगी एक ही बिन्दु पर रुक सकती नहीं,
किन्तु प्रेम की अनुभूति से,
जीवन संभल-संवर जाता है।
पूरा अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाता है॥(१९८७ में लिखी गई रचना)
डा. रमा द्विवेदी