प्रमुख हिन्दी सेवी जी.आर.नरसिम्हा राव जी का निधन
नगर के प्रमुख हिन्दी सेवी जी.आर.नरसिम्हा राव जी का निधन २२ नवम्बर को दोपहर १.१५ बजे हृदय की गति रुक जाने से हो गया । आप हिन्दी प्रचार सभा,हैदराबाद के परीक्षा मंत्री,भारत अभ्युदय उच्च विद्यालय ट्रस्ट बोर्ड,जियागुड़ा के सभापति एवं अभ्युदय प्राच्य महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य रह चुके थे। कादम्बिनी क्लब,हैदराबाद परिवार की ओर से हम उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं एवं ईश्वर से हम प्रार्थना करते हैं कि उनके शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे ।
डा.रमा द्विवेदी
प्रीत से नहाई है (गीत)
लग रहा है जैसे धरा प्रीत से नहाई है,
प्रीत-राग बसन पहन दुल्हन सज आई है।
वसंती दुपहरी में प्रेम का उपहार लेके,
प्रियतम के संग में मधुमय बहार लेने,
नंगे पांव जैसे प्रियतमा दौड़ी आई है।
लग रहा है जैसे धरा प्रीत से नहाई है,
प्रतीक्षारत दुल्हन के नैन निंदआए हैं,
प्रीत रंग सराबोर अंग सब अलसाए हैं,
मिलन के उन्माद में ज्यूं नववधू बौराई है।
लग रहा है जैसे धरा प्रीत से नहाई है,
धरती के चिरयौवन रूप को निहार के,
सूरज भी जल रहा है प्रणय की मनुहार से,
सागर ने तप-तप कर जलकण बरसाई है।
लग रहा है जैसे धरा प्रीत से नहाई है,
डा. रमा द्विवेदी
© All Rights Reserved

